कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस का ओवैसी की AIMIM से समझौते से इनकार
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस सचिव मधु गौड़ यक्षी ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए एआईएमआईएम के साथ कोई समझौता नहीं होगा. ध्यान रहे पहले खबर आई थी कि कांग्रेस अल्पसंख्यक और दलित वोटों का बंटवारा रोकने के लिए एआईएमआईएम के साथ जा सकती है.
224 सदस्यीय विधानसभा वाले कर्नाटक में अब ओवैसी की पार्टी 60 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है, जिनमें मुख्य रूप से अल्पसंख्यक बहुल इलाके शामिल हैं. हालाँकि कांग्रेस का कहना है कि वोटों के बंटवारे को रोकने के लिए पार्टी ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है.
यक्षी के अनुसार, कांग्रेस के पास मुस्लिम नेताओं की एक लंबी लिस्ट है, जिन्हें अल्पसंख्यक वोटों के बंटवारे को रोकने के लिए चुनाव प्रचार में उतारा जाएगा. उन्होंने ओवैसी पर कांग्रेस को मिलने वाले वोटों को बांटने के लिए भाजपा के साथ तालमेल बैठाने का भी आरोप लगाया.
आप को बता दें कि कांग्रेस यूपी सहित अन्य विधानसभा चुनावों में अपनी हार के लिए ओवैसी को जिम्मेदार बताती आई है. बावजूद ओवैसी के साथ समझौता करने में कतरा रही है. अब ऐसे में देखना होगा कि इस चुनाव में कांग्रेस क्या कमाल दिखा पाती है.
