बकरीद पर बाढ़ पीडि़तों और मासूमों के लिए मांगी गई दुआ-VIDEO
बकरीद पर गोरखपुर की ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। उसके बाद घरों और गोरखपुर शहर में चिन्हित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर कुर्बानी की रस्म अदा की गई।
कुर्बानी के दौरान लोगों ने अल्लाह से कुर्बानी कबूल करने और गुनाहों की माफी की दुआ मांगी।
इसके साथ बाढ़ पीडि़तों और इंसेफेलाइटिस से पीडि़त मासूमों के लिए भी दुआ मांगी गई। लोगों ने एक-दूसरे गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
बस्ती में नमाज अदा कर मुल्क के अमन की मांगी दुआ
ईदुल अजहा के मौके पर बस्ती में मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज अदा कर मुल्क के अमन की दुआ मांगी। अकीदतमंदों ने अल्लाह की राह में कुर्बानी दी और पैगम्बर हजरत इब्राहीम व हजरत इस्माईल की कुर्बानी को याद किया।
शहर की दो दर्जन से अधिक मस्जिदों व ईदगाहों में मौलाना ने नमाज अदा कराया। जामिया हनफिया रहमतगंज के मौलाना रियाज अहमद बरकाती, हुसैनी मस्जिद गांधी नगर के इमाम मौलाना अली हसन ने कुर्बानी के महत्व को बताया। रविवार सुबह से बस्ती के गांधीनगर, पुरानी बस्ती व ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में चहल-पहल दिखने लगी थी। प्रशासन ने साफ-सफाई तो पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
